इंडियन प्रीमियर लीग में रोहित शर्मा ने एक खास कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. छक्के लगाने के मामले में उन्होंने एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है. रोहित अब IPL में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. साथ ही वो किसी एक IPL टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने यह कारनामा दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में किया.
रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में 26 गेंद खेलकर 35 रन बनाए. इस पारी में उनके बल्ले से 5 चौके और एक छक्का भी निकला. बस एक सिक्स लगाते ही उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया.
मुंबई बनाम दिल्ली मैच से पहले रोहित शर्मा और एमएस धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 50-50 सिक्स लगाए थे. DC के खिलाफ मैच में एक छक्का लगाते ही रोहित किसी एक आईपीएल टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए. अब रोहित ने दिल्ली टीम के खिलाफ 51 छक्के लगा दिए हैं, जबकि धोनी ने 50 सिक्स लगाए हैं.
रोहित को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना पसंद रहा है. दिल्ली उन 2 टीमों में से एक है, जिसके खिलाफ ‘हिटमैन’ ने 1000 से अधिक आईपीएल रन बनाए हैं. DC के खिलाफ 38 मैचों में रोहित ने अब तक 1092 रन बना लिए हैं.
किसी एक IPL टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बात करें तो यह क्रिस गेल के नाम है. उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 61 और कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 54 छक्के लगाए. इस फेहरिस्त में रोहित शर्मा अब तीसरे नंबर पर आ गए हैं.
