‘ही-मैन’ से रूबरू कराने वाले रोजर स्वीट का निधन; 91 वर्ष की आयु में दुनिया को कहा अलविदा

सुपरहीरो किरदार ‘ही-मैन’ से दुनिया को रूबरू कराने वाले अमेरिकी खिलौना डिजाइनर रोजर स्वीट का निधन हो गया है। वे 91 वर्ष के थे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, TMZ से मिली जानकारी का हवाला देते हुए ‘वैरायटी’ ने बताया कि रोजर स्वीट का मंगलवार को डिमेंशिया से जूझने के बाद निधन हो गया। रोजर स्वीट ने अपनी रचनात्मकता से एनिमेशन की दुनिया में एक नई शुरुआत की और तहलका मचा दिया। रोजर स्वीटर को मशहूर ‘ही-मैन’ एक्शन फिगर के लिए खासतौर से जाना गया। 70 और 80 के दशक में रोजर स्वीट, मैटैल (Mattel)के प्रिलिमिनरी डिजाइन डिपार्टमेंट के मुख्य डिजाइनर थे। साल 1976 में अमेरिकी इंटरनेशनल खिलौना निर्माण और मनोरंजन कंपनी मैटैल ने ‘स्टार वॉर्स’ के लिए खिलौने बनाने का एक सौदा ठुकरा दिया था; यह एक ऐसा प्रस्ताव था जो 1977 में ‘ए न्यू होप’ के रिलीज होने के बाद सिनसिनाटी स्थित खिलौना निर्माता कंपनी ‘केनर प्रोडक्ट्स’ के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ।