पीलीभीत के शौर्य यात्रा से भगवामय हुई सड़कें, विधायक ने की बुलडोजर की सवारी

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से निकाली गई शौर्य यात्रा के पीलीभीत पहुंचते ही तराई की सड़कें भगवामय दिखाई दी। यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पहले एक सभा कर इसके उद्देश्य आदि के बारे में जानकारी देते हुए हिंदू समाज से एकजुट होने की अपील की गई।वहीं, इसके मुख्य मार्गों पर पूरे उत्साह के साथ भगवा रंग के बजरंग बली बने जयश्रीराम लिखे झंडे लहराए। डीजे की धुन पर कार्यकर्ता जमकर थिरके। सख्त सुरक्षा बंदोबस्त के बीच यात्रा शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गई।

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की ओर से पांच अक्टूबर को को बृज क्षेत्र आगरा से शौर्य यात्रा शुरू हुई थी। जोकि शुक्रवार को पीलीभीत पहुंची। इसके लिए कई दिन से भव्य स्वागत की तैयारियां कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही थी। कई जगह स्वागत द्वार भी बनवाए गए थे।

भाजपा के तमाम नेता भी इसकी सफलता के लिए जुटे हुए थे। शुक्रवार को शौर्य यात्रा पीलीभीत पहुंचते ही बड़ी संख्या में एकत्र कार्यकर्ताओं ने इसका पुष्प वर्षा और नारेबाजी के साथ स्वागत किया। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में दोपहर करीब एक बजे पहले सभा की गई।यहां पर इसके लिए भव्य पंडाल लगाया गया था। जिसमें मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सोहन सोलंकी रहे।

उन्होंने कहा कि विहिप बजरंगदल सदैव हिंदुत्व के लिए संघर्षरत रहा है। इसी क्रम में शौर्य जागरण यात्रा का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य हिंदू समाज में शौर्य जागरण करना है। हिंदू समाज की सुप्त शक्ति को जागृत कर संगठित करते हुए शक्तिशाली बनाना है।

भाजपा विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, भाजपा विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद, पूर्व सांसद बलराज पासी समेत कई नेता भी ड्रमंड कॉलेज में हुई सभा में शामिल हुए। इसके बाद भगवा झंडे लिए युवाओं ने उत्साह के साथ शौर्य यात्रा निकाली। सभा स्थल से शुरू होकर यात्रा गौहनिया चौराहा, अशोक कॉलोनी गेट, गांधी स्टेडियम रोड से होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी।

कई जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक बाबा के बुलडोजर की सवारी करते दिखाई दिए। हनुमान की झांकी का भी अलग क्रेज दिखा। इसके बाद यात्रा शाहजहांपुर के लिए प्रस्थान कर गई। बताते है कि शनिवार को इसका समापन होगा।