फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) कायमगंज स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ विधायक डॉ. सुरभि ने किया। इस अवसर पर उन्होंने चीनी मिल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र के किसान भाइयों को नए पेराई सत्र की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

विधायक डॉ. सुरभि ने ईश्वर से कामना की कि नया पेराई सत्र क्षेत्र के सभी गन्ना किसानों के लिए सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। साथ ही चीनी मिल का संचालन सुचारु रूप से होता रहे, जिससे किसानों को समय से गन्ना आपूर्ति और पेराई की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि चीनी मिल का सफल संचालन क्षेत्र के किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। पेराई सत्र शुरू होने से गन्ना किसानों को अपनी फसल मिल तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

नए पेराई सत्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के गन्ना किसानों में उत्साह देखने को मिला। किसानों को उम्मीद है कि इस सत्र में मिल का संचालन व्यवस्थित ढंग से होगा और उन्हें अपनी उपज का उचित लाभ प्राप्त होगा।