फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24)उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए फर्रुखाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गिरिश कुमार सिंह का तबादला जनपद अलीगढ़ कर दिया है। उनके स्थान पर आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा को फर्रुखाबाद का नया अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। शासन के इस फैसले को जिले के पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा वर्तमान में पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थे। शासन ने उन्हें प्रयागराज से स्थानांतरित कर फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, वर्तमान एएसपी गिरिश कुमार सिंह को जनपद अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर नई तैनाती दी गई है।

गौरतलब है कि गिरिश कुमार सिंह ने बीते 9 अप्रैल को अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा से स्थानांतरित होकर फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला था। हालांकि, करीब छह माह के कार्यकाल के बाद ही शासन ने उनका तबादला कर दिया।
अब आईपीएस पुष्कर वर्मा के फर्रुखाबाद आगमन के साथ जिले के पुलिस महकमे में नई प्रशासनिक जिम्मेदारी की शुरुआत होगी। उनके सामने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने और पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने की चुनौती रहेगी।

नए अपर पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली, अपराध नियंत्रण की रणनीति और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय पर जिले के लोगों की निगाहें रहेंगी।