रणवीर सिंह 10 अप्रैल को कोर्ट में देंगे बिना शर्त माफीनामा, क्या है मामला समझें

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ धमाकेदार कमाई कर रही है. फिल्म में उनकी दमदार एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है. वहीं, दूसरी तरफ, रणवीर सिंह को फिल्म ‘कांतारा’ की मिमिक्री से जुड़े मामले पर कर्नाटक हाईकोर्ट में सुनवाई हुई.

शिकायतकर्ता के वकील की तरफ से कुछ आपत्तियां जताई गईं. वकील का कहना है कि रणवीर सिंह ने इस मामले में दिल से माफी नहीं मांगी है. वहीं अब इस मामले की अगली सुनवाई अप्रैल में होगी. आइए जानते हैं कोर्ट ने क्या कहा.
बता दें, कांतारा मिमिक्री विवाद में घिरे एक्टर रणवीर सिंह 10 अप्रैल 2026 को अदालत में एक शपथपत्र दाखिल कर बिना शर्त माफी मांगेंगे. मामले की सुनवाई के दौरान उनके वकील ने खुद यह प्रस्ताव रखा कि एक्टर मैसूर स्थित चामुंडी मंदिर जाकर व्यक्तिगत रूप से भी माफी मांगने के लिए तैयार हैं.

वहीं, शिकायतकर्ता के वकील प्रशांत मेथल ने इस माफी पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि रणवीर सिंह ने सिर्फ इंस्टाग्राम पर माफी मांगी है, आमने-सामने नहीं, इसलिए यह सच्ची माफी नहीं बल्कि सिर्फ औपचारिकता लगती है. दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कोर्ट ने आज, मंगलवार को मामले की अगली सुनवाई 10 अप्रैल तक टाल दी है.

क्या था मामला?
बता दें पिछले साल रणवीर सिंहने गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 2025 की क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान ऋषभ शेट्टी स्टारर ‘कांताराः चैप्टर 1’ की तारीफ करते हुए फिल्म के एक अहम सीन की नकल की, जिसे लेकर उन्हे खूब ट्रोल किया गया.

दरअसल, उन्होंने ऋषभ शेट्टी की मिमिक्री करते हुए चामुंडी दैव को महिला भूत कह दिया, जिसके चलते विवाद इतना बढ़ गया कि रणवीर को इस मामले पर सामने आकर माफी मांगनी पड़ी. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनका मकसद ऋषभ शेट्टी की परफॉर्मेंस को दिखाना था, ना कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुचाना.