पीलीभीत में सैलानियों से पीटीआर गुलजार, बाघ का हुआ दीदार

पीलीभीत में नए साल का जश्न मनाने के लिए आने वाले सैलानियों से सोमवार का दिन पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) गुलजार रहा। सोमवार को सुबह से ही मुस्तफाबाद से लेकर चूका बीच तक पर्यटकों की भीड़ दिखाई दी। जंगल भ्रमण के दौरान सैलानियों को बाघ का भी दीदार हुआ। करीब 300 से अधिक लोगों ने चूका बीच का भ्रमण किया। तमाम स्कूलों के बच्चे भी घूमने पहुंचे।

चूका बीच के भ्रमण के लिए सैलानियों में उत्साह पहले से ही देखा जा रहा था। नए साल पर इसमें और इजाफा हो गया। यहां की हटें भी 10 जनवरी तक बुक हो गई हैं। तीन दिन बाद धूप खिलने से सैलानियों की खुशी देखते ही बन रही थी। भीड़ के कारण मुस्तफाबाद में वाहनों की लंबी कतार लग गईं। दूसरी शिफ्ट में जंगल सफारी के सभी वाहन बुक हो गए। जंगल भ्रमण के दौरान सुबह की शिफ्ट में पर्यटकों को बाघ दिखा तो उनका रोमांच और बढ़ गया।

फ्री पिकनिक स्पॉट बाइफरकेशन में घूमने वालों की अधिक भीड़ रही। सुबह से ही लोग यहां आने लगे। गेस्ट हाउस से लेकर पुल क्षेत्र में लोगों का हुजूम लगा रहा। लोग परिजनों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। शारदा डैम क्षेत्र में भी सैलानी प्राकृतिक नजारे का आनंद लेने पहुंचे।

चूका बीच की खूबसूरती के साथ बाघ का दीदार करने की तमन्ना लेकर पहली बार पीटीआर घूमने आए हैं। नए साल का स्वागत कर यादगार बनाया।

नए साल पर स्कूल के दल के साथ चूका बीच घूमने के लिए आए हैं। यह पहला ऐसा मौका है, उम्मीद है कि बाघ के भी दीदार होंगे।

पर्यटकों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। चार प्वाइंट बनाकर वन दरोगाओं को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुछ दिन तक पर्यटकों की संख्या बढ़ी रहने की उम्मीद है। – सहेंद्र यादव, रेंजर महोफ

पुलिस ने हुड़दंगियों को फटकारा, कई का चालानकलीनगर। दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर सवार होकर सैलानी बाइफरकेशन पहुंचे। दिनभर जाम की स्थिति बनी लगी रही। माधोटांडा पुलिस व्यवस्थाओं को संभालने में जुटी रही। इस दौरान कई बुलेट बाइक सवार हुड़दंग करते हुए नजर आए। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उनके चालान भी किए।