शादी की सालगिरह पर भावुक हुईं प्रिया कपूर, पति संजय को याद कर लिखा- ‘आप चाहते थे हम सात जन्मों तक साथ रहें’

उद्योगपति संजय कपूर से प्रिया सचदेवा की शादी को कल नौ साल पूरे हुए। हालांकि, संजय के देहांत के बाद यह उनकी पहली शादी की सालगिरह है। इस मौके पर प्रिया ने संजय को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। वेडिंग एनिवर्सरी के मौके पर प्रिया ने अपनी शादी की एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में उन्होंने सुनहरे रंग का कुर्ता और पारंपरिक पंजाबी गहने पहने हैं। वहीं संजय गुलाबी पगड़ी के साथ सफेद कुर्ता-पायजामा में नजर आ रहे हैं। इसे साझा करते हुए प्रिया ने लिखा, ‘सालगिरह मुबारक हो, जे। पिछले साल, हमारी आठवीं सालगिरह पर, हमने आपके दोस्तों के साथ जश्न मनाया था। माहौल खुशनुमा और हंसी से भरपूर था। आपने मेरी तरफ देखकर कहा था कि आप चाहते हैं कि हम अगले सात जन्मों तक साथ रहें। मैं इस बात को याद रखूंगी’

बता दें कि संजय कपूर के निधन के लगभग सात महीने बीत चुके हैं। उनके निधन के बाद संजय की मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया सचदेव कपूर (प्रिया कपूर) के खिलाफ एक दीवानी मुकदमा दायर किया। 80 वर्षीय रानी कपूर ने याचिका में आरोप लगाया है कि प्रिया कपूर और अन्य परिवारजनों ने मिलकर एक फैमिली ट्रस्ट बनाया, जिसके माध्यम से उनकी पूरी संपत्ति, पारिवारिक विरासत और सोना ग्रुप की प्रमुख कंपनियों में नियंत्रण गैर-कानूनी तरीके से हड़प लिया गया। इस मामले में करिश्मा कपूर के बच्चों को भी पार्टी बनाया गया है।