फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 थाना कादरीगेट पुलिस ने पत्नी को जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को थाना कादरीगेट क्षेत्र के दीनदयाल बाग में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान नरवीर सिंह पुत्र लाखन सिंह ने अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इसी दौरान पत्नी को बचाने के लिए उनका बेटा बीच में आ गया और गोली उसकी जांघ में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के संबंध में पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कादरीगेट में मुकदमा अपराध संख्या 211/2026, धारा 109(1)/352 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नरवीर सिंह निवासी दीनदयाल बाग, थाना कादरीगेट, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर, पांच जिंदा .32 बोर कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 27/30 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना पक्ष अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में रखने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश कुमार, कांस्टेबल शशिकांत पाण्डेय, कांस्टेबल डोरीलाल और रिजर्व कांस्टेबल हिमांशु शामिल रहे।
