शोषित समाज दल के पास ही है देश की समस्याओं का समाधान–रामचंद्र कटियार
पटना से उपेन्द्र पथिक द्वारा
सिद्धांत, नीति और कार्यक्रम पर आधारित समाजवादी पार्टी शोषित समाज दल का 54 वाँ स्थापना दिवस सह बिहार प्रदेश का 27 वां प्रांतीय सम्मेलन आज पटना के आई एम ए हाल में दल के राष्ट्रीय महामंत्री अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र कटियार ने कहा कि देश में बेरोजगारी, अपराध, अशिक्षा, अंधविश्वास, रंगदारी , गरीबी और अपमानजक व्यवस्था के त्रस्त है। कुछ पिछड़े , दलित और अल्पसंख्यक समाज के तथाकथित नेता और कार्यकर्ता जातिवादी और संप्रदायवादी नेता के पीछे चलने में ही भलाई समझने लगे हैं।ऐसे लोग ज्यादा खतरनाक हैं।
श्री कटियार ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही ब्राह्मणवादी और पूंजीवादी व्यवस्था का पोषक है ।उससे जुड़े अन्य दल भी खतरनाक है।केवल शोषित समाज दल ही असली समाजवादी पार्टी है।
उन्होंने कहा कि शोषित समाज दल के पास सभी समस्याओं का समाधान है।लिखित नीति, सिद्धांत, वक्तव्य और कार्यक्रम है। अर्जक संघ की शिक्षा संबंधी मांगों को हु ब हु लागू करने के लिए शोषित समाज दल प्रतिबद्ध है। शिक्षा नीति से अशिक्षा, बेरोजगारी, अपराध ,अंधविश्वास का समाप्ति होगा और मानववाद स्थापित होगा। दल की उद्योग नीति से बेरोजगारी समाप्त हो जाएगी। दल की कृषि नीति, सिंचाई नीति से भारत के किसानों मजदूरों की हालत में सुधार होगा।भारत खुशहाल होगा।
शोषित समाज दल का मुख्य उद्देश्य शोषितों का राज, शोषितों द्वारा और शोषितों के लिए है। इसी उद्देश्य को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री महामना राम स्वरूप वर्मा और जगदेव प्रसाद ने मिलकर 7 अगस्त 1972 को पटना में शोषित समाज दल की स्थापना की थी।इसके बाद उत्तर प्रदेश और बिहार में दल के विधायक भी चुने गए।पर शोषक वर्ग को यह नागवार गुजरा। ऐन केन प्रकारेण शोषित समाज दल को बर्बाद करने के लिए राजनीतिक षड्यंत्र किया। फिर भी रामस्वरूप वर्मा, प्रो जयराम प्रसाद सिंह, रघुनी राम शास्त्री , लक्ष्मण चौधरी आदि नेताओं ने दल को बरकरार रखने में अपना जीवन लगा दिया। अब देश के युवा शोषित समाज दल से जुड़ने लगे हैं।
समारोह को अन्य अर्जकों और शोषितों के अलावा अर्जक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण गुप्ता, दीपक पासवान, शोषित समाज दल के रामानुज सिंह गौतम, कुंवर लाल सचान , शिशुपाल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रामचंद्र मेहता,मथुरा प्रसाद अकेला,सौरभ कुमार बंटी, आदि वक्ताओं ने शोषित समाज दल की कृषि नीति , शिक्षा नीति, विदेश नीति, सिंचाई नीति, इंसानी बस्ती बसाओ नीति और कार्यक्रमों की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि शोषित क्रांति में हम विश्वास करते हैं। हम समतामूलक समाज बनाने और देश की खुशहाली के लिए आंदोलन में सक्रिय हैं। शोषित क्रांति से ही शोषितों का राज कायम होगा।
