हर गरीब परिवार की महिला के बैंक अकाउंट में साल में एक लाख रुपए डाले जाएंगे : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने शनिवार 6 अप्रैल को हैदराबाद में सभा की। उन्होंने कहा मोदी सरकार के आने के बाद लोग फिर से गरीबी में घुस गए हैं। इसलिए हम नारी न्याय कानून लाएंगे, जिसमें हर गरीब परिवार की महिला के बैंक अकाउंट में साल में एक लाख रुपए डाले जाएंगे। ये क्रांतिकारी योजना है, जो देश का चेहरा बदल देगी।
आप सोचिए, हिंदुस्तान के सबसे गरीब परिवारों को कम से कम एक लाख रुपया कांग्रेस पार्टी की सरकार देने जा रही है। इसका मतलब ये हुआ कि हिंदुस्तान में कोई भी परिवार ऐसा नहीं होगा, जिसकी आदमी एक लाख रुपए साल नहीं होगी।
राहुल ने ये भी कहा कि NDA सरकार आने के बाद 30 किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं। पीएम मोदी ने 16 लाख करोड़ का लोन देश के अमीरों को दे दिया है। किसानों का एक रुपए का भी कर्ज माफ नहीं किया गया।
राहुल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- आप सभी को पता है कि तेलंगाना में पिछले मुख्यमंत्री ने कैसे सरकार चलाई। उन्होंने हजारों लोगों के फोन टैप किए, इंटेलिजेंस-टैक्स एजेंसियों और पुलिस का गलत इस्तेमाल किया।
राहुल ने कहा कि पिछले मुख्यमंत्री ने लोगों को डरा-धमकाकर सरकार चलाई थी और आपसे आपका धन छीना था। आज तेलंगाना में कार्रवाई जारी है और सच्चाई आपके सामने है।
राहुल ने कहा कि आज हम कांग्रेस पार्टी का मैनिफेस्टो लांच करने आए हैं। तेलंगाना में हमने गारंटी दी थी, वो जनता के दिल की आवाज थी। वही काम अब हम राष्ट्रीय स्तर पर कर रहे हैं। 500 रुपए में सिलेंडर, ⁠200 यूनिट मुफ्त बिजली, ⁠फ्री बस यात्रा, ⁠गृह लक्ष्मी योजना आज तेलंगाना के सभी लोग जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी अपने वादे पूरा कर रही है।
राहुल गांधी ने केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार शुरू किया था। 3 अप्रैल को उन्होंने वायनाड सीट से नामांकन दाखिल किया था। इससे पहले उन्होंने बहन प्रियंका गांधी के साथ एक घंटे का रोड शो भी किया था। इस दौरान राहुल ने क्षेत्र की जनता से कहा कि आपका सांसद होना सौभाग्य की बात है
वायनाड सीट में राहुल के खिलाफ I.N.D.I.A. में शामिल CPI की एनी राजा चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, भाजपा ने केरल के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को मैदान में उतारा है।
राहुल ने जो चुनावी हलफनामा दाखिल किया है उसके मुताबिक वे 20 करोड़ रुपए से भी ज्यादा की संपत्ति है। हालांकि, उनके पास न खुद का घर है, न खुद की कार। पिछले पांच साल में उनकी दौलत करीब 5 करोड़ बढ़ी है। इसके बाद भी उन पर 50 लाख का कर्ज है।
राहुल के पास 55 हजार नकद हैं। 9.24 करोड़ की चल और 11.14 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनके खिलाफ कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल गांधी का 2014 तक यूपीए सरकार के दौरान शेयर बाजार में निवेश शून्य था।
उन्होंने उस साल हुए लोकसभा चुनाव में दिए हलफनामे में यह जानकारी दी थी। उनके पास सिर्फ यंग इंडिया कंपनी के शेयर थे जो कांग्रेस पार्टी की अपनी कंपनी है।
राहुल ने जिन कंपनियों के शेयरों में निवेश किया है, उनमें सबसे अधिक 42.27 लाख रुपए के 1,474 शेयर पिडिलाइट इंडस्ट्रीज के हैं। इसके बाद 35.89 लाख रुपए के शेयर बजाज इंडस्ट्रीज के हैं। 35.67 लाख रुपए के शेयर नेस्ले इंडिया के हैं, 35. 29 लाख रुपए के शेयर एशियन पेंट्स के और 32.58 लाख के शेयर टाइटन कंपनी के हैं।
राहुल ने 7 म्यूचुअल फंड में भी निवेश कर रखा है, जिसका मूल्य 3.81 करोड़ रुपए है। उनके पास 15.2 लाख के गोल्ड बॉन्ड्स भी हैं। राहुल के पास खेती की दो जमीनें हैं, जिसका मालिकाना हक उनकी बहन प्रियंका के पास भी है। दिल्ली की जमीन 2.346 और महरौली की 1.432 एकड़ की हैं। इसकी कुल कीमत 2.10 करोड़ है। राहुल के पास गुरुग्राम में दो कॉमर्शियल बिल्डिंग हैं, जिसकी कीमत 9 करोड़ से ज्यादा है।