‘धुरंधर’ या ‘टोस्टर’ नहीं, यह तमिल फिल्म बनी नेटफ्लिक्स पर नंबर वन

इन दिनों कई लोग सिनेमाघर से ज्यादा ओटीटी पर फिल्में देखना पसंद करते हैं। आजकल नेटफ्लिक्स पर कई फिल्में मौजूद हैं। इसमें ‘धुरंधर’ और ‘टोस्टर’ जैसी फिल्में शामिल हैं। दर्शकों ने इन फिल्मों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी है। इस प्लेटफॉर्म पर जिस फिल्म को लोगों ने सबसे ज्यादा देखा है, वह एक तमिल फिल्म है। इसका बजट बहुत कम है। इन दिनों नेटफ्लिक्स पर जिस फिल्म को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है, वह तमिल फिल्म ‘यूथ’ है। यह एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है। इसने ‘धुरंधर’ और ‘टोस्टर’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘यूथ’ को तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी भाषा में 16 अप्रैल को स्ट्रीम किया गया। तब से ही इस फिल्म का दर्शक आनंद ले रहे हैं। ‘यूथ’ के निर्देशक करूणास हैं। इसमें एक स्कूली लड़के की कहानी दिखाई गई है। वह अपने प्यार को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म 6 करोड़ रुपये में बनी है। इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था। ‘कांतारा’ फेम अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने ‘यूथ’ की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘बहुत समय बाद, मुझे पूरी फिल्म देखने के बाद मुस्कुराने का मौका मिला। ‘यूथ’ प्यार, दोस्ती और गहरी भावनाओं से भरपूर है और सभी माता-पिता को समर्पित एक कहानी है।’