नोएडा:सीईओ ने सेक्टर-94 से 127 तक संस्थागत क्षेत्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 दिसंबर 2025 आज मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय द्वारा नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-94 से सेक्टर-127 तक स्थित संस्थागत सेक्टरों का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक श्री ए.के. अरोड़ा, उप महाप्रबंधक (सिविल) श्री विजय रावल, निदेशक (उद्यान) श्री आनंद मोहन, विशेष कार्याधिकारी श्री इंदु प्रकाश सिंह सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कालिंदी कुंज की ओर से नोएडा में प्रवेश द्वार की अनुरक्षण व्यवस्था दयनीय पाई गई। इस पर सीईओ द्वारा प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने के लिए पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, वहां उगे बबूल के पेड़ों को हटाने, रात में अंधेरे की समस्या को देखते हुए आकर्षक व फैंसी स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। मौके पर लगे अनाधिकृत विज्ञापन होर्डिंग्स, बोर्ड और अवैध केबल को हटाने के निर्देश दिए गए।

सेक्टर-94-95 के मध्य निर्मित अंडरपास से सेक्टर-94 में प्रवेश के पास लगे लो-हाइट बैरियर पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-94 गोलचक्कर के सुधार एवं श्मशान घाट के समीप अवरुद्ध सड़क के निर्माण हेतु एलाइनमेंट निर्धारित कर सड़क निर्माण कराने को कहा गया, जिससे ट्रैफिक सुगम हो सके।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न संस्थागत इकाइयों के बाहर अत्यधिक अवैध पार्किंग पाई गई, जिस पर संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-125, 126 और 127 में पेड़ों की अत्यधिक बढ़ी टहनियों की ट्रिमिंग तथा सेंट्रल वर्ज में गायब पौधों को पुनः लगवाने के निर्देश दिए गए।

सेक्टर-125 में कब्रिस्तान के सामने 50 मीटर क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पार्किंग और फुटपाथ विकसित किए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं, जहां सेंट्रल वर्ज में रेलिंग की आवश्यकता नहीं पाई गई, उन्हें हटाकर स्टोर में रखने के निर्देश दिए गए।

एक्सप्रेस-वे व पुस्ता के समानांतर 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर आवश्यकतानुसार रिफ्लेक्टर लगाने और क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। सेक्टर-125 में एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने नाले पर पैदल यात्रियों हेतु लगाए गए एसएफआरसी कवर गायब पाए गए, जिन्हें पुनः लगवाकर नाले को ढकने के निर्देश दिए गए। फुटपाथों की आपसी कनेक्टिविटी सुधारने पर भी जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त सेक्टर-125-126 गोलचक्कर के समीप साइकिल स्टैंड पर लगे अनाधिकृत विज्ञापन हटाने तथा एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट को एक्सप्रेस-वे के समानांतर सेक्टर-127 तक पूरी 45 मीटर सड़क पर लगवाने के निर्देश दिए गए। मयूर स्कूल के सामने बीओटी आधार पर बने टॉयलेट में साइनेज सहित सुधार कार्य कराने के निर्देश भी सीईओ द्वारा दिए गए।

निरीक्षण के माध्यम से नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर की बुनियादी सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।