कासगंज वीवीपैट फिरोजाबाद भेजने की प्रक्रिया शुरू
कासगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा एवं रखरखाव को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के दौरान नॉन-फंक्शनल यानी खराब पाई गई मशीनों को निर्धारित केंद्र जनपद फिरोजाबाद भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह तथा राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस खोला गया। इसके बाद एफएलसी में खराब पाई गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को मोबाइल ऐप के माध्यम से स्कैन कर ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत फिरोजाबाद भेजने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। मशीनों की स्कैनिंग, अभिलेखों के रखरखाव और उनके प्रेषण की प्रक्रिया पारदर्शिता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं। ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, निगरानी और अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।