गुणवत्तायुक्त पान उत्पादन को प्रोत्साहित करने तथा कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित गुणवत्तायुक्त पान उत्पादन को प्रोत्साहन योजना के तहत जनपद जौनपुर के पान की खेती करने वाले कृषकों का सात दिवसीय अंतरराज्यीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम (छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश) 14 अक्टूबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 के क्रम में जिला उद्यान अधिकारी, जौनपुर डॉ. सीमा सिंह राणा द्वारा दिनांक 14.10.2026 को लोहिया पर्यावरणीय उद्यान पार्क के पास बस को हरी झंडी दिखाकर कृषकों को भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु रवाना किया गया।
भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत कृषकों ने 14 अक्टूबर को जौनपुर से औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र, मलिहाबाद, लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। 15 अक्टूबर को प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के उपरांत चित्रकूट, कृषि विश्वविद्यालय, बांदा तथा पान शोध केंद्र, महोबा में प्रशिक्षण व भ्रमण किया जाएगा। इसके पश्चात छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण एवं कृषक प्रक्षेत्र भ्रमण कर कार्यक्रम के अंतिम दिन 20 अक्टूबर, 2026 को कृषक दल जौनपुर वापस आएगा।
इस सात दिवसीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण का मुख्य उद्देश्य कृषकों को पान की खेती से संबंधित नवीन तकनीकों, वैज्ञानिक उत्पादन प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा गुणवत्तायुक्त उत्पादन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी से भिज्ञ कराना है। जिससे जनपद में पान की खेती को और अधिक उन्नत, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने में सहायता मिलेगी।
जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों से कृषकों का तकनीकी ज्ञान बढ़ता है तथा वे नई कृषि तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन की गुणवत्ता और अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।