औरंगाबाद जिला के हसपुरा प्रखंड अंतर्गत बिरहारा गांव में आज शोषित समाज दल के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और शोषित साप्ताहिक के संपादक रघुनीराम शास्त्री की 75 वाँ जयंती बड़े धूम से मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता शोषित समाज दल के राष्ट्रीय महामंत्री अखिलेश कुमार ने की और संचालन शोषित पत्रिका के संपादक संजय श्याम ने किया।
अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने कहा कि रघुनीराम शास्त्री को अमर शहीद जगदेव प्रसाद का सच्चा वारिस बताया और कहा कि शास्त्री जी जीवनपर्यंत अभाव में रहने के बाद भी शोषितों का राज, शोषितों के लिए और शोषितों के द्वारा के मिशन को आगे बढ़ाने में लगे रहे ।
मुख्य अतिथि भारतीय मोमिन फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. महबूब आलम अंसारी ने विस्तार से देश में चल रहे आन्दोलन को रेखांकित किया और किसानों - मजदूरों - छात्र - नौजवानों के आंदोलन में शिरकत करने की अपील किया । उन्होंने शास्त्री जी को याद करते हुए पूंजीवाद, जातिवाद, संप्रदायवाद के सहारे चलनेवाले सिद्धांतहीन राजनीतिक दलों के द्वारा की जा रही बर्बादी से सावधानी बरतने की अपील किया और दलितों, वंचितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों को अपने हक -हुकूक के लिए जन - ज्वार पैदा करने का आह्वान किया ।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने पुरजोर तरीके से इस बात को रखा कि जिन मूल्यों और मांगों की खातिर शास्त्री जी ने अपनी कुर्बानी दी, अपने संघर्षों और आत्मबलिदानी जज्बे के साथ उन्हें प्राप्त करने के लिए अपनी एकजुटता का परिचय दें ।
दिनेश कुशवाहा, शिवशंकर प्रसाद, सुदर्शन बौद्ध, चंचल कुशवाहा,सरयू मेहता, ईश्वर दयाल, अमरजीत कुशवाहा, देवरंजन दास, रामचन्द्र मेहता, तपसी इंकलाबी, करण पासवान, कुलदीप मेहता, सीताराम कलापी, आदि ने प्रमुखता के साथ अपनी बातों को रखा ।
जयंती समारोह में विन्देश्वर वर्मा, श्वेता, सौरभ कुमार ने जनगीतों के माध्यम से समारोह को जीवन्त बनाये रखा ।