Monday, 14 September 2026 | 6:22 PM
UP News

पीलीभीत में गलन और शीतलहर से कांपी तराई, 5.4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

पीलीभीत। तराई में ठंड ने बृहस्पतिवार को और रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पूरे दिन सूरज बादलों में ही छिपा रहा। कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त है। सड़कों पर चहलपहल कम दिखी। लोग ठंड से बचने के लिए हीटर और अलाव का सहारा लिए बैठे दिखे। बृहस्पतिवार को सुबह से ही बा
Share:
पीलीभीत में गलन और शीतलहर से कांपी तराई, 5.4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
Read in your preferred language.

पीलीभीत। तराई में ठंड ने बृहस्पतिवार को और रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पूरे दिन सूरज बादलों में ही छिपा रहा। कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त है। सड़कों पर चहलपहल कम दिखी। लोग ठंड से बचने के लिए हीटर और अलाव का सहारा लिए बैठे दिखे।

बृहस्पतिवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। साथ ही तेज हवा भी चल रही थी। इससे मौसम का मिजाज काफी बिगड़ गया। बरसात की आशंका थी। लग रहा था कि सुबह दस बजे तक बारिश हो जाएगी, लेकिन दिन भर ऐसा नहीं हुआ। दोपहर में तेज हवा चलने से लोगों की मुसीबत और बढ़ गई। कड़ाके की ठंड से जनजीवन पर खासा प्रभाव पड़ा। ठंड के चलते कम ही लोग सड़कों पर निकले। पूरे दिन लोग आग के सहारे ही बैठे दिखाई दिए। शाम पांच बजते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा।

अधिकतम तापमान में और आएगी कमी : डॉ. ढाका
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि पिछले तीन साल में जनवरी के पहले पखवाड़े में तापमान 12-13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। जिले में न्यूनतम अधिकतम और न्यूनतम तापमान अभी और गिरेगा। न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। बीते साल भी इन दिनों अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आस पास पहुंच गया था।

फसलों के लिए फायदेमंद, सब्जियाें को नुकसान संभव
डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि ये मौसम गेहूं की फसल के लिए बहुत फायदेमंद है, लेकिन पाला पड़ने से सब्जियाें व पालक आदि की फसल को हल्का सा नुकसान हो सकता है। उसमें कीड़ा लगने व पत्ते पीले पड़ने की शिकायत आने लगती हैं। ऐसे में किसान इसमें सल्फर का छिड़काव कर दें, जिससे सब्जियों की फसल ठीक बनी रहेगी।

गुनगुना पानी पीयें और हल्का खाना खाएं : डॉ. संजीव
मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि पारा काफी नीचे जा रहा है, जो सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में ठंड से बचें। बेवजह बाहर न निकलें। इसके साथ ही गुनगुना पानी पीते रहें। ठंड के कारण प्यास कम लगती है, ऐसे में शरीर में पानी की कमी होने लगती है। लिहाजा हल्का गुनगुना पानी थोड़ा-थोड़ा करके पीते रहें। इस समय हल्का भोजन लें। ठंडा खाना बिल्कुल न खाएं, इससे आप बीमार पड़ सकते हैं। बच्चाें को गर्म कपड़ों से ढककर रखें।

चढ़ता उतरता रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

दिन अधिकतम न्यूनतम
सोमवार 16.1 7.9
मंगलवार 14.3 9.2
बुधवार 14.1 8.2
बृहस्पतिवार 13.5 5.4