Sunday, 04 October 2026 | 3:51 AM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : छात्रवृत्ति से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य, आर्थिक तंगी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा

जीआईसी में जनपदीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।सदर विधायक योगेश वर्मा और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के प्रमाणपत्र प्रदान किए।
Share:
लखीमपुर खीरी : छात्रवृत्ति से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य, आर्थिक तंगी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा
लखीमपुर खीरी : छात्रवृत्ति से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य, आर्थिक तंगी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा
Read in your preferred language.
लखीमपुर: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की शिक्षा को संबल देने के लिए शासन की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम (कक्षा नौ-10) एवं दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपए से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति राशि के अंतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक योगेश वर्मा और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और छात्रवृत्ति अंतरण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बनें, इसके लिए पात्र विद्यार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। 

सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास की आधारशिला है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने से उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक योगेश वर्मा और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम एवं दशमोत्तर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के प्रमाण पत्र प्रदान किए। प्रमाण पत्र पाकर विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम में डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, डीएसडब्लूओ वंदना सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित कुमार तथा डीबीडब्लूओ अभय कुमार सागर ने विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा के लिए शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी।