Friday, 27 November 2026 | 7:07 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: अखिलेश यादव ने जारी किया ‘27 का संकल्प पीडीए प्रणपत्र’, 2027 चुनाव के लिए किए बड़े वादे; युवाओं को ₹5 हजार मासिक भत्ता और 25 लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान

लखनऊ में संविधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए ‘27 का संकल्प पीडीए प्रणपत्र’ जारी किया। इसमें पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार, बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 5 हजार रुपये भत्ता, किसानों की कर्जमाफी, 23 फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, पुरानी पेंशन बहाली और महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का वादा किया गया है।
Share:
फर्रुखाबाद: अखिलेश यादव ने जारी किया ‘27 का संकल्प पीडीए प्रणपत्र’, 2027 चुनाव के लिए किए बड़े वादे; युवाओं को ₹5 हजार मासिक भत्ता और 25 लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान

लखनऊ:(द दस्तक 24) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी एजेंडा सामने रखते हुए बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ‘27 का संकल्प पीडीए प्रणपत्र’ नाम से जन-मन का मेनिफेस्टो 2027 जारी किया। इस संकल्प पत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों, गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं।

संकल्प पत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और समाज के सभी वर्गों से किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश के युवाओं और युवतियों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

युवाओं को नौकरी नहीं मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये भत्ता

समाजवादी पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने के लिए बड़े वादे किए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी तथा 2 से 3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रत्येक ग्रेजुएट छात्र को रोजगार अथवा नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। जब तक नौकरी या रोजगार नहीं मिलता, तब तक प्रतिमाह 5 हजार रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से भरा जाएगा। इसके लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर बनाया जाएगा और सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर आयोजित होंगी।
पेपर लीक रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित करने तथा संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई। शहरों में युवाओं को रोजगार देने के लिए शहरी रोजगार अधिनियम लाने का वादा किया गया है।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव, बंद स्कूल फिर होंगे शुरू

शिक्षा के क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। कक्षा 12 पास छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर से लागू की जाएगी।
सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने तथा शिक्षा पर प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 6 प्रतिशत खर्च करने का वादा किया गया है। बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाए जाएंगे। अन्य सहायता प्राप्त स्कूलों को 5 हजार रुपये का विशेष अनुदान देने की भी घोषणा की गई।

जातिगत जनगणना और पीडीए वर्गों के लिए विशेष योजनाएं

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में जातिगत जनगणना शुरू कराई जाएगी। इससे विभिन्न जातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलेगी तथा उनकी जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार की जा सकेंगी।
बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने तथा पीडीए, महिलाओं और गरीबों के लिए प्रदेशभर में समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया गया है। इन कैंटीनों में मात्र 5 रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए बोर्ड बनाने, बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने और संविधान के अनुरूप आरक्षण लागू करने का वादा किया गया है।
दलित उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप फंड बनाया जाएगा। इसके साथ ही 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित एवं पीडीए वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की घोषणा की गई।
किसानों की कर्जमाफी और 23 फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी
किसानों के लिए समाजवादी पार्टी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है।
किसानों की ऋणमाफी योजना तत्काल प्रभाव से लागू करने, गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉरपस फंड बनाने और भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
इसके अलावा किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली तथा ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार, 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस

समाजवादी पार्टी ने राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लाने की घोषणा की है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में पीडीए और गरीब वर्ग के लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।
प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की गई है।
108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को आधुनिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ मजबूत किया जाएगा। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले नागरिकों को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराने और सभी जिला अस्पतालों का उच्चीकरण करने का भी वादा किया गया है।

कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी तथा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। प्रदेश में जाति और धर्म के आधार पर किसी भी प्रकार का दंगा नहीं होने देने और माफिया एवं गुंडों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही गई।
साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित की जाएंगी। प्रमुख शहरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से यातायात व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा।
यूपी पुलिस के सभी रिक्त पदों को भरने तथा नई भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का वादा किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 व्यवस्था को फिर से मजबूत करने की घोषणा भी की गई।

शहरों और गांवों के विकास के लिए कई घोषणाएं

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को एआई और आईटी हब के रूप में विकसित करने, सभी गांवों और शहरों में वाई-फाई जोन बनाने तथा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए व्यापार सुरक्षा आयोग गठित करने का वादा किया है।
सभी तहसील मुख्यालयों को फोरलेन नेटवर्क से जोड़ने, प्रत्येक गांव को पक्की सड़कों से जोड़ने और गांव, कस्बों एवं शहरों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रिवरफ्रंट विकसित किए जाएंगे। 10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।

कर्मचारियों को पुरानी पेंशन और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने का वादा

सरकारी कर्मचारियों के लिए समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2005 से पहले वाली पुरानी पेंशन व्यवस्था फिर से लागू करने की घोषणा की है। आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने तथा सरकारी सुविधाओं को नागरिकों के घर तक पहुंचाने का वादा किया गया है।
महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रमुख शहरों और कस्बों में ‘दाम बांधो बाजार’ खोले जाएंगे। कारीगरों को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये पेंशन देने तथा बुनकरों को बिजली आपूर्ति पर सब्सिडी देने की बात कही गई है।
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एवं कल्याण को संविधान के अनुरूप सुनिश्चित करने और उनके जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा का भी संकल्प लिया गया है।

अग्निवीर योजना का विरोध, शहीदों के परिवारों को पेंशन

समाजवादी पार्टी ने अग्निवीर योजना का विरोध दोहराया है। पार्टी ने शहीदों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने का वादा किया है।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। अधिवक्ताओं के हितों के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने तथा युवा अधिवक्ताओं को वजीफा और आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।

सामाजिक न्याय और समावेशी उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प

अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के लोग उत्तर प्रदेश को सुख-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित राज्य बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम, दया, अपनापन और सौहार्द के गुणों से परिपूर्ण समावेशी समाज का निर्माण करना पार्टी का लक्ष्य है।
उन्होंने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय को बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित करने तथा सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प दोहराया।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

इस कार्यक्रम को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव, सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, लालजी वर्मा, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष जासमीर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, नरेश उत्तम पटेल, बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी और इंद्रजीत सरोज सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी का यह संकल्प पत्र आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी की राजनीतिक और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को सामने रखता है। अब देखना होगा कि इन घोषणाओं को लेकर प्रदेश की जनता और अन्य राजनीतिक दलों की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।