प्रयागराज,मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन 01 नवम्बर को ईश्वर शरण डिग्री कालेज में,
*अपर जनपद न्यायाधीश/नोडल अधिकारी मेगा कैम्प की अध्यक्षता में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन के संबंध में बैठक संपन्न*
*प्रयागराज 26 अक्टूबर।*
जनपद न्यायाधीश शेषमणि के निर्देशन में अपर जनपद न्यायाधीश/विशेष न्यायालय पास्को एक्ट, नोडल अधिकारी मेगा कैम्प विनोद कुमार चौरसिया की अध्यक्षता में सोमवार को जनपद न्यायालय सभागार में दिनांक 01 नवम्बर, 2026 को ईश्वर शरण डिग्री कालेज में आयोजित होने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन की तैयारियों के संबंध में प्रशासन के सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेगा कैम्प के नोडल अधिकारी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों से कहा कि आयोजित होने वाले मेगा कैम्प में विभिन्न विभाग जिनके अंतर्गत निर्बल वर्ग, दिव्यांगों, बच्चों, स्त्रियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति हेतु जनकल्याणकारी योजनाएं प्रचलित है तथा वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों व कर्तव्य के अंतर्गत आती हैं इस प्रकार के विभागों की लक्षित योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों को चिन्हित करते हुए उनकी सूची उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है, जिससे की लाभार्थी दिनाँक 01.11.2026 को आयोजित होने वाले उक्त मेगा शिविर का हिस्सा बन सके। मेगा कैम्प में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र व डेमो चेक का भी वितरण किया जायेगा। उन्होंने आयोजित होने वाले मेगा कैम्प का व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने के लिए कहा, जिससे की मेगा/ वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा सके।
बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रदीप्ति सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाते हुए मेगा कैम्प का सफल आयोजन कराये जाने के लिए कहा। उन्होंने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बंधित संचालित योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कराये जाने के लिए कहा है। इस अवसर पर सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।