लखीमपुर खीरी: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर लखीमपुर खीरी क्षेत्र के सेठ घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। महापर्व के मद्देनजर छठ घाटों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को लेकर सदर विधायक माननीय योगेश वर्मा सक्रिय हो गए हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
छठ महापर्व की तैयारियों के क्रम में सोमवार को सेठ घाट पर स्वच्छता अभियान के तहत सदर विधायक माननीय योगेश वर्मा ने उल्ल नदी के पानी में उतरकर श्रमदान किया और घाट की साफ-सफाई में सहभागिता निभाई।
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे बने घाटों पर पहुंचते हैं। छठव्रती और श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जाती है।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि उल्ल नदी के पुनर्जीवन और लखीमपुर को स्वच्छ बनाने के निरंतर प्रयासों के साथ हमारा संकल्प है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट, सुरक्षित व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं मिलें ताकि छठ महापर्व भव्यता, दिव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हो।