Monday, 14 September 2026 | 11:45 PM
उत्तर प्रदेश

मैनपुरी में पेचकस से गोदकर दोस्त की हत्या: घर से बुलाकर ले गए, गले, सिर व पेट पर किए ताबड़तोड़ वार

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार की सुबह साथियों ने पेचकस से गोदकर दोस्त की हत्या कर दी। एक दिन पहले उनके बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी दोनों दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में जु
Share:
मैनपुरी में पेचकस से गोदकर दोस्त की हत्या: घर से बुलाकर ले गए, गले, सिर व पेट पर किए ताबड़तोड़ वार
Read in your preferred language.

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार की सुबह साथियों ने पेचकस से गोदकर दोस्त की हत्या कर दी। एक दिन पहले उनके बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी दोनों दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मामला कुरावली थाना क्षेत्र के भीमनगर मोहल्ले का है। मोहल्ला निवासी अश्विनी कुमार (22) का सोमवार को मोहल्ले के ही रहने वाले सनी और ऋषभ से झगड़ा हो गया था। मंगलवार की सुबह दोनों ही आरोपी उसके घर आए। उन्होंने झगड़े को भूल जाने की बात कही और उसे साथ ले गए।

यहां से निकलने के बाद तीनों बीआरसी कैंपस पहुंचे। यहां बने मंदिर के पास रुककर बातचीत करने लगे। इसी समय सनी और ऋषभ ने अश्विनी को गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर उस पर पेचकस से हमला बोल दिया। एक के बाद एक गले, सिर और पेट पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से अश्विनी संभल नहीं पाया। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।

आरोपी उसे मरा हुआ समझकर वहां से भाग गए। आसपास के लोगों ने लहूलुहान युवक को देखा तो परिजन को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन भागते हुए पहुंचे। वह घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज, सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। सैफई पहुंचने के कुछ देर बाद ही अश्विनी ने दम तोड़ दिया।

मृतक की मां सुशीला देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि युवकों के बीच हुए विवाद हुआ था। इस दौरान पेचकस से हमला किया गया। युवक की मौत हो गई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।