लखीमपुर खीरी: खंभारखेड़ा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई थी और गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय नजर आया। हादसे में चार लोगों की मौत और कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर के बीच जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह जिला अस्पताल ओयल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान जिलाधिकारी ने घायलों के बारे में चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली और घायलों के इलाज में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हादसे में हुई मौतों पर डीएम ने गहरा दुख जताया और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संपर्क बनाए रखने और उन्हें नियमानुसार त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।