Thursday, 12 November 2026 | 6:54 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : सीएम कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 383 लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता, पांच को सौंपे डेमो चेक

कलेक्ट्रेट में विधायक ने डीएम संग किया कार्यक्रम का शुभारंभ, सीएम के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण।
Share:
लखीमपुर खीरी : सीएम कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 383 लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता, पांच को सौंपे डेमो चेक
कार्यक्रम की तस्वीर

लखीमपुर खीरी: प्रदेश सरकार ने एक ओर दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया, तो दूसरी ओर युवाओं को पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए सरकारी सेवा से जुड़ने का अवसर दिया। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जिले के 383 लाभार्थियों को 15 करोड़ 30 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। वहीं जिले को राजस्व विभाग में 18 नव चयनित कनिष्ठ सहायक प्राप्त हुए हैं। इनको नियुक्ति पत्र वितरण के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में इन नवचयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा ने डीएम अंजनी कुमार सिंह एवं एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी, एसडीएम सदर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलुवा राजू आर की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से राजस्व विभाग में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। अटल सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और सुना।

*383 लाभार्थियों के खातों तक पहुंची 15.30 करोड़ की सहायता*
जनपद में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत कुल 325 स्वीकृत दावों के सापेक्ष 383 लाभार्थियों को 15 करोड़ 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई। इस अवसर पर पांच लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से डेमो चेक प्रदान किए गए। योजना के माध्यम से दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक सुरक्षा एवं संबल प्रदान किया जा रहा है।

*18 युवाओं को राजस्व विभाग में मिली सरकारी सेवा की सौगात*
जनपद के युवाओं के लिए राजस्व विभाग में कनिष्ठ सहायक पदों पर चयन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से जनपद को कुल 18 कनिष्ठ सहायक प्राप्त हुए हैं। इनमें जनपद के 12 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है जबकि शेष चयनित अभ्यर्थी अन्य जनपदों के निवासी हैं। सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवा में अवसर मिलने से चयनित युवाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।