Thursday, 29 October 2026 | 3:33 PM
उत्तर प्रदेश

जौनपुर :कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

Share:
जौनपुर :कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
जौनपुर :जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन के निर्देश के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

         बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।

       जीरो पॉवर्टी योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विकास खंडों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
 
      जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जा रहे भुगतान की समीक्षा करते हुए उन्होंने भुगतान में अनावश्यक विलंब न करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान उन्होंने कम प्रगति वाले विकास खंडों को आगामी बैठक तक स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।

       मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में सीटी स्कैन की व्यवस्था, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान तथा टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही जनपद में क्रियाशील हेल्थ एटीएम की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शाहगंज एवं ट्रामा सेंटर में खराब पड़े हेल्थ एटीएम को  एक सप्ताह के भीतर क्रियाशील करने के निर्देश दिए।

        बैठक में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्रसूताओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था, परिवार नियोजन कार्यक्रम तथा जनपद में संचालित एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष प्रयास कर निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जाए।

        बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई, साफ-सफाई के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे संचारी रोगों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

         उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में बच्चों के माध्यम से संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाए। बच्चों को स्वच्छता अपनाने, अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।