Saturday, 10 October 2026 | 3:58 AM
उत्तर प्रदेश

हरदोई: पत्रकार के परिवार को फिर जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

हरदोई के सवायजपुर थाना क्षेत्र के कुंआडाडी गांव में पत्रकार के परिवार ने कुछ लोगों पर रास्ते में घेरकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार पूर्व में पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई के बाद से विपक्षी लगातार धमकियां दे रहे हैं। मामले में 9 अक्टूबर को सवायजपुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की गई है।
Share:
हरदोई: पत्रकार के परिवार को फिर जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
Read in your preferred language.

सवायजपुर/हरदोई(द दस्तक 24): थाना सवायजपुर क्षेत्र के ग्राम कुंआडाडी निवासी पत्रकार विनोद कुमार कुशवाहा के परिवार ने कुछ लोगों पर लगातार धमकी देने और रास्ते में घेराबंदी कर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि समय रहते पुलिस ने कठोर कार्रवाई नहीं की तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 2 जुलाई को पत्रकार विनोद कुमार कुशवाहा के साथ जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में सर्वेश, देवेंद्र, उमाकांत पुत्र रामनाथ तथा मनोज शीतल पुत्र सर्वेश समेत अन्य विपक्षियों के खिलाफ पुलिस द्वारा विवेचना और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 110 के तहत कार्रवाई की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी कार्रवाई की खुन्नस में विपक्षी पक्ष द्वारा लगातार परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है।

परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष के व्यक्ति मनोज पुत्र सर्वेश ने पहले उनके पुत्र आशीष और भतीजे गौरव को रास्ते में घेरने का प्रयास किया। इसके बाद जब बात नहीं बनी तो परिवार के सदस्य दिनेश को उस समय रास्ते में रोक लिया गया, जब वह खेत से अपने घर की ओर जा रहे थे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, दिनेश को बीच खड़ंजे पर रोककर गाली-गलौज की गई और कथित तौर पर धमकी दी गई कि पहले जान से नहीं मार पाए और बच गए, अबकी बार जान से मार देंगे। आरोप है कि इसके बाद उन्हें मारने के लिए दौड़ाया गया, जिस पर दिनेश जान बचाकर घर की ओर भागे।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि विपक्षी आए दिन रास्ते में घेराबंदी करते हैं और अपने दरवाजे से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे परिवार के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने 9 अक्टूबर को थाना सवायजपुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्रभावी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

अब देखना यह है कि शिकायत के आधार पर सवायजपुर पुलिस मामले की जांच में क्या कार्रवाई करती है। वहीं, पुलिस कार्रवाई और जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।