गया, 2 नवंबर 2026। सोशल मीडिया पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से फर्जी वीडियो बनाकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और अफवाह फैलाने के मामले में गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गया पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को बेलागंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गोबराहा गांव के एक युवक ने सोशल मीडिया पर मस्जिद तोड़ने से संबंधित एआई निर्मित फर्जी वीडियो बनाकर वायरल किया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), गया एवं पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में बेलागंज थानाध्यक्ष को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी अनुसंधान और छानबीन शुरू की। इसके बाद कांड संख्या 751/26, दिनांक 01 नवंबर 2026 दर्ज कर अनुसंधान किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक प्राथमिकी नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।