Tuesday, 03 November 2026 | 8:29 PM
भारत

गया: लोक अदालतों में अधिकाधिक वादों का निष्पादन पर जोर

Share:
गया: लोक अदालतों में अधिकाधिक वादों का निष्पादन पर जोर
–21 नवंबर को एनआई एक्ट की विशेष लोक अदालत, 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत 
 : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया डॉ. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को शेरघाटी के अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम लवकुश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 21 नवंबर को होने वाली एनआई एक्ट वादों की विशेष लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान 3.0 और 12 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में लंबित एनआई एक्ट के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करने, संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजने और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत समझौते योग्य मामलों की पहचान कर उन्हें मध्यस्थता केंद्र भेजने तथा पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए सुलहनीय वादों को चिह्नित करने, नोटिसों की तामिला कराने और पक्षकारों से संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चिह्नित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनके निष्पादन की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
बैठक में सब-जज प्रथम राजेश कुमार सिंह, सब-जज द्वितीय प्रीति कुमारी, सब-जज तृतीय संजय कुमार, एसडीजेएम आलोक कुमार सहित प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के सभी न्यायिक दंडाधिकारी उपस्थित थे।