Wednesday, 25 November 2026 | 7:32 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद के कटरौली गांव में जल जीवन मिशन की सौगात, 200 घरों तक पहुंचा नल से जल; ग्रामीणों के खिले चेहरे

फर्रुखाबाद के कमालगंज ब्लॉक की पट्टी क्षेत्र स्थित कटरौली गांव में जल जीवन मिशन के तहत जलार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांव के करीब 200 घरों में नल से पेयजल आपूर्ति शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और मिठाई बांटकर उत्सव मनाया। जिले के 643 गांवों में हर घर जल पहुंच रहा है, जबकि 64 गांवों में ट्रायल रन जारी है।
Share:
फर्रुखाबाद के कटरौली गांव में जल जीवन मिशन की सौगात, 200 घरों तक पहुंचा नल से जल; ग्रामीणों के खिले चेहरे
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज ब्लॉक की पट्टी क्षेत्र स्थित कटरौली गांव में जल जीवन मिशन के तहत जलार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांव के करीब 200 घरों में नल से पेयजल पहुंचने पर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मंगलवार को कटरौली गांव में जलार्पण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पंप हाउस पर एकत्रित हुए। जैसे ही पेयजल आपूर्ति शुरू हुई, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। इस दौरान ग्राम प्रधान अनीश बेगम के पति असगर अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा
ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों और जलस्रोतों से पानी लाना पड़ता था। पीने के पानी से लेकर घरेलू कार्यों तक के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती थी। विशेषकर महिलाओं को पानी भरने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
प्रधानपति असगर अली ने कहा कि जल जीवन मिशन ने गांव के लोगों की वर्षों पुरानी समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है। अब घरों में नल से पानी मिलने से ग्रामीण परिवारों का जीवन पहले की अपेक्षा आसान होगा।
योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों पर निर्भरता से राहत मिल रही है। खासकर महिलाओं का समय और श्रम बचने की उम्मीद है।
स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना मिशन का उद्देश्य
जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना भी है। इसके तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जलजनित समस्याओं को कम करने और ग्रामीण जीवन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिले।
ट्रायल रन के बाद नियमित होगी जलापूर्ति
अधिशासी अभियंता मोहम्मद कासिम हाशमी ने बताया कि कमालगंज ब्लॉक की पट्टी क्षेत्र स्थित कटरौली ग्रामसभा में जलार्पण किया गया है। योजना के अंतर्गत ट्रायल रन पूरा होने के बाद घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कटरौली गांव में नल से जल पहुंचने की शुरुआत ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधा की नई उम्मीद लेकर आई है।