फर्रुखाबाद (द दस्तक 24): होमगार्ड मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद फर्रुखाबाद के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित कुल 420 नवचयनित होमगार्ड पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। स्वास्थ्य परीक्षण की यह कार्यवाही 20 अक्टूबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, फर्रुखाबाद द्वारा गठित समिति शासनादेशों के अनुरूप अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन करेगी। जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स, फतेहगढ़ डी.एन. सिंह के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में निर्धारित तिथियों पर प्रातः 9 बजे से किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुबह 8 बजे तक पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। स्वास्थ्य परीक्षण शुरू होने से पहले होमगार्ड हेल्प डेस्क पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम
12 अक्टूबर: क्रमांक 01 से 54 तक, 50 पुरुष अभ्यर्थी।
13 अक्टूबर: क्रमांक 55 से 107 तक, 50 पुरुष अभ्यर्थी।
14 अक्टूबर: क्रमांक 108 से 161 तक, 50 पुरुष अभ्यर्थी।
15 अक्टूबर: क्रमांक 162 से 217 तक, 50 पुरुष अभ्यर्थी।
16 अक्टूबर: क्रमांक 218 से 269 तक, 50 पुरुष अभ्यर्थी।
17 अक्टूबर: क्रमांक 270 से 331 तक, 50 पुरुष अभ्यर्थी।
18 अक्टूबर: क्रमांक 332 से 420 तक, 36 पुरुष अभ्यर्थी।
19 अक्टूबर: क्रमांक 01 से 350 तक, 44 महिला अभ्यर्थी।
20 अक्टूबर: क्रमांक 351 से 420 तक, 40 महिला अभ्यर्थी।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अपने साथ शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी प्रमाण-पत्र, ग्राम/मोहल्ले के दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा जारी चरित्र एवं पहचान संबंधी प्रमाण-पत्र तथा निर्धारित प्रारूप में चरित्र प्रमाण-पत्र लाना होगा।
इसके अलावा 12 नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी साथ लाने होंगे। पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा पासपोर्ट में से किसी एक पहचान-पत्र की मूल प्रति और एक स्वप्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थी स्वास्थ्य परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित जानकारी अपने ब्लॉक के थानों में तैनात होमगार्ड विभाग के अधिकारियों से प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि, क्रमांक और समय के अनुसार उपस्थित नहीं होने की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स, फतेहगढ़ डी.एन. सिंह ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ पुलिस लाइन फतेहगढ़ पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी कराएं।