Friday, 27 November 2026 | 2:10 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 24 लीटर अवैध कच्ची शराब और 100 किलो लहन बरामद, दो मुकदमे दर्ज

फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। कायमगंज क्षेत्र के श्यामनगर में दबिश के दौरान 24 लीटर अवैध कच्ची शराब और 100 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए।
Share:
फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 24 लीटर अवैध कच्ची शराब और 100 किलो लहन बरामद, दो मुकदमे दर्ज

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 3 नवंबर 2026 को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने देशी शराब दुकानों सिविल लाइन नवादिया, जिला जेल, जेएनवी रोड, कठेरिया नगला, धांसुआ और भोलेपुर कंपोजिट दुकान सहित मॉडल शॉप जिला जेल का औचक निरीक्षण किया।
वहीं, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने आबकारी स्टाफ के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम श्यामनगर में कई स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान 24 लीटर अवैध कच्ची शराब और 100 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए।
इसके अतिरिक्त देशी शराब दुकान झब्बूपुर क्रॉसिंग, टीपी नगर चौराहा, घसिया चिलौली और कम्पिल बाईपास सहित कंपोजिट शॉप अहियापुर तथा मॉडल शॉप टीपी नगर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शराब दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। इसके साथ ही देशी शराब दुकानों की कैंटीन का भी सघन निरीक्षण किया गया।
आबकारी अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

नक्शे देखें