फर्रुखाबाद। दिल्ली में हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा प्रदेशभर में किसान पंचायतों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में कानपुर मंडल के किसानों की महापंचायत कानपुर कमिश्नरेट में आयोजित होगी। महापंचायत में फर्रुखाबाद जनपद से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार 12 नवंबर को नवाबगंज में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य के आवास पर संगठन की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि दिल्ली किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। किसानों के लंबे संघर्ष के बाद केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन कृषि कानून वापस लिए गए थे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की वर्षगांठ पर सभी पदाधिकारी एकजुट होकर कानपुर में होने वाली महापंचायत की तैयारियों में जुट जाएं।

उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपनी-अपनी ग्राम कमेटियों के साथ कानपुर कमिश्नरेट में उपस्थिति दर्ज कराएं। जिला पदाधिकारी, तहसील अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर किसानों को महापंचायत की जानकारी दें। साथ ही किसानों की स्थानीय समस्याओं को भी एकत्रित करें, ताकि कानपुर कमिश्नरेट में आयोजित महापंचायत के माध्यम से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा सके।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, कानपुर मंडल के पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला सचिव बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, राजेश गंगवार, सतीश कठेरिया, अनेंद्र गंगवार, शिवराम शाक्य, दीपक राठौर, दिलीप राठौर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सभी पदाधिकारियों ने किसानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं को महापंचायत में उठाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज करने पर जोर दिया।