फर्रुखाबाद (द दस्तक 24):
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनपद की निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध, अद्यतन व त्रुटिरहित बनाने तथा मतदेय स्थलों के पुनर्गठन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने और आगामी चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मतदेय स्थलों का पुनर्गठन और विधानसभावार आंकड़े:
- जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया पूरी कर संशोधित प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रेषित किया गया है।
- जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 1642 मतदेय स्थल हैं, जिन्हें संशोधित कर कुल 1605 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
- 192-कायमगंज: 470 मतदेय स्थल
- 193-अमृतपुर: 372 मतदेय स्थल
- 194-फर्रुखाबाद: 390 मतदेय स्थल
- 195-भोजपुर: 373 मतदेय स्थल स्थल
- एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन: 17 नवंबर 2026
- दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि: 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक (फॉर्म 6 जमा करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर तक)
- विशेष अभियान तिथियां: 28 एवं 29 नवंबर 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहकर फॉर्म-6, 7 और 8 प्राप्त करेंगे।
- प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण: 28 दिसंबर 2026 तक
- अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन: 4 जनवरी 2027
प्रशासनिक निर्देश व विशेष अभियान:
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों का फॉर्म-6 के माध्यम से शत-प्रतिशत पंजीकरण कराया जाए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कोटे की दुकानों (सस्ते गल्ले की दुकानों), महिला स्वयं सहायता समूहों की सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, और आशा/एएनएम के माध्यम से पात्र महिलाओं व युवाओं को चिन्हित कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में सुभाष चन्द्र शाक्य (समाजवादी पार्टी), मुकेश गुप्ता (भारतीय जनता पार्टी), रामरतन गौतम (बहुजन समाज पार्टी) के अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।