Thursday, 05 November 2026 | 6:48 PM
भारत

दिल्ली : प्रदूषण एवं पटाखों के विरुद्ध अभियान में 8,000 विद्यार्थियों को किया जागरूक

Share:
दिल्ली : प्रदूषण एवं पटाखों के विरुद्ध अभियान में 8,000 विद्यार्थियों को किया जागरूक
तिहाड़ जेल के सहायक अधीक्षक योगेंद्र कुमार द्वारा 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे प्रदूषण एवं पटाखों के विरुद्ध जागरूकता अभियान के अंतर्गत अब तक दिल्ली के चार विद्यालयों के लगभग 8,000 विद्यार्थियों को जागरूक किया जा चुका है।
इस अभियान के तहत सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर-2, टैगोर गार्डन, नगर निगम विद्यालय प्रताप नगर, गवर्नमेंट बॉयज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजौरी गार्डन तथा स्वामी शिवानंद मेमोरियल स्कूल, ईस्ट पंजाबी बाग में विद्यार्थियों के बीच 'प्रदूषण एवं पटाखों का मानव एवं पशु-पक्षियों पर दुष्प्रभाव' विषय पर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
योगेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण तथा मानव स्वास्थ्य और पशु-पक्षियों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा 7 एवं 8 नवंबर को निर्धारित समय में केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति तथा अन्य दिनों में पटाखों पर प्रतिबंध संबंधी निर्देशों से भी अवगत कराया।
प्रधानाचार्य ज्योति ने विद्यार्थियों से माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षक रेखा बेरी, सोनू कपूर, राम निवास यादव एवं जतिन भल्ला ने भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण एवं पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।
अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने तथा मानव स्वास्थ्य और बेजुबान पशु-पक्षियों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।