Saturday, 28 November 2026 | 12:55 PM
उत्तर प्रदेश

17 महीने से मानदेय ना मिलने से नाराज़ कंम्पयूटर कर्मचारियों ने किया काम बंद

Share:
17 महीने से मानदेय ना मिलने से नाराज़ कंम्पयूटर कर्मचारियों ने किया काम बंद
*17 माह से मानदेय नहीं मिला, कंप्यूटर ऑपरेटरों ने किया काम बंद*

*रायबरेली।* जिले के सतांव, हरचंदपुर, लालगंज, खीरो, सरेनी, बछरावां सहित जनपद के 18 विकास खंडों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों ने 17 माह से मानदेय न मिलने पर काम बंद कर दिया है। ऑपरेटरों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय के भुगतान की मांग की है।

ज्ञापन में ऑपरेटरों ने कहा है कि वे कई वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व अन्य शासकीय कार्यों का संपादन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। इसके बावजूद विगत 17 माह से उनका मानदेय भुगतान नहीं किया गया है।

मानदेय न मिलने के कारण ऑपरेटर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, घरेलू खर्च एवं अन्य आवश्यकताओं को पूरा करना अत्यंत कठिन हो गया है। ऐसी विषम परिस्थितियों में बिना मानदेय के कार्य करना अब संभव नहीं रह गया है।

ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया 17 माह का संपूर्ण मानदेय भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे अपने कार्यों का संचालन बंद रखने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने शासन एवं संबंधित विभाग से गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की है।

काम बंद होने से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय कार्यों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।