आजमगढ़ ब्यूरो : जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग, आजमगढ़ द्वारा आजाद संस्कार वाटिका विद्यालय, परसरामपुर, बुधौली हरैया, आजमगढ़ में बाल विवाह उन्मूलन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति छात्र-छात्राओं एवं आमजन को जागरूक करना तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक सिंह द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती अन्नु सिंह ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया तथा बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक श्रीमती सरिता पाल ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में युवाओं एवं विद्यार्थियों की भूमिका और उनके योगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। वहीं, विभाग की सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रानी सिंह ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर बनाए। इसके पश्चात श्रीमती अन्नु सिंह के कुशल संचालन में सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभागीय अधिकारियों एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अनुशासित ढंग से जागरूकता रैली निकालकर बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश दिया तथा समाज के लोगों से इस कुप्रथा को समाप्त करने की अपील की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार स्वरूप डायरी, पेन एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक श्री आनंद सिंह राठौर, प्रधानाचार्य डॉ. दीपक सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री संजय कुमार शाही, राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई के कोऑर्डिनेटर श्री प्रद्युम्न कुमार, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक श्रीमती सरिता पाल, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती अन्नु सिंह, श्री आशीष सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रानी सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह को रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जागरूकता, शिक्षा एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण संभव है।