बेगूसराय जिला के साहेबपुरकमाल प्रखंड क्षेत्र की सनहा पश्चिम पंचायत में आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत छह चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुखिया पूनम देवी ने चयनित आशा कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपा।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के तहत 25 सितंबर 2025 को ग्रामसभा से पारित चयन प्रक्रिया के आधार पर रूबी कुमारी, किरण कुमारी, भारती कुमारी, कहकशां बानो, रूपा कुमारी और श्वेता कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं के शेष नियुक्ति पत्र जारी करने का मामला भी उठा।
इस संबंध में स्वास्थ्य कर्मी रतन कुमार (डीसीएम) ने बताया कि जिला स्तर पर प्रक्रिया लंबित रहने के कारण कुछ नियुक्ति पत्र जारी होने में विलंब हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर शेष चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र और कोड उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने चयनित आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया भ्रष्टाचारमुक्त रही है और शेष अभ्यर्थियों को भी उनका नियुक्ति पत्र मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए किसी भी बिचौलिए को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है।
मनोज कुमार ने इस पहल के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से पंचायत में आशा कार्यकर्ताओं के नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
वहीं, रानी कुमारी और क्रांति कुमारी के नियुक्ति पत्र का मामला भी कार्यक्रम में उठाया गया। इस पर रतन कुमार ने बताया कि दोनों के नियुक्ति पत्र अगले बैठक में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बताया गया कि आगामी 10 नवंबर को पंचायत भवन में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान उनके कार्यक्षेत्र का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में सरिता कुमारी, नर्स बिंदु कुमारी, आशा कार्यकर्ता पूनम देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।