–करीब 300 विद्यालय संचालकों की आम सभा में समस्याओं पर मंथन, प्रतिपूर्ति राशि का समय पर भुगतान नहीं होने पर जताई नाराजगी
भारतीय स्वतंत्र शिक्षण संघ की आम सभा सोमवार को बिहारशरीफ के सुंदरगढ़ स्थित ब्रिलियंट कॉन्वेंट में आयोजित की गई। इसमें नालंदा, गया, मुजफ्फरपुर, पटना समेत विभिन्न जिलों से आए करीब 300 निजी विद्यालयों के निदेशकों एवं प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभा में निजी विद्यालयों के संचालन में आ रही विभागीय और सरकारी समस्याओं के साथ शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहे इसके प्रभाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि निजी विद्यालयों के लिए लगातार नए-नए विभागीय आदेश जारी किए जा रहे हैं। प्रस्वीकृति, नवीनीकरण, यू-डायस के साथ राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न पोर्टलों पर जानकारी अपलोड करने की अनिवार्यता ने विद्यालय संचालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन प्रक्रियाओं में अधिक समय और संसाधन खर्च होने से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के मूल उद्देश्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
वक्ताओं ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई), 2009 के तहत निजी विद्यालयों को मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि सत्र 2011-12 से लेकर वर्तमान सत्र तक प्रतिपूर्ति राशि का भुगतान कभी भी समय पर और पूरी तरह नहीं किया गया है। इसके बावजूद निजी विद्यालयों से लगातार अपेक्षाएं की जा रही हैं। उन्होंने बिहार राज्य बच्चों की मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा नियमावली, 2011 का हवाला देते हुए कहा कि इसके प्रावधानों का विभागीय स्तर पर समुचित अनुपालन नहीं हो रहा है।
सभा में निजी विद्यालयों की तीन श्रेणियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि मान्यता प्राप्त विद्यालयों के अलावा बड़ी संख्या में ऐसे संस्थान हैं, जो सीमित भौतिक संसाधनों के बावजूद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास कर रहे हैं। इन विद्यालयों को विभागीय आदेशों और पोर्टलों से जुड़ी प्रक्रियाओं में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा के प्रतिनिधि अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम नंदन झा को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सह कार्य प्रभारी भारत मानस, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संतोष शर्मा, नालंदा जिलाध्यक्ष मो. जाहिद अनवर तथा गया के महासचिव विनोद मेहरवार सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
सभा का संचालन बालमुकुंद प्रसाद एवं उमेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। ब्रिलियंट ग्रुप के चेयरमैन सह संगठन संरक्षक डॉ. शशि भूषण कुमार एवं संगठन की संरक्षिका रेखा भारती ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सभा अध्यक्ष बालमुकुंद कुमार विद्यार्थी ने औपचारिक समापन किया।