मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘डकैत’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। फिल्म में मृणाल ठाकुर की एक्टिंग की जमकर तारीफ भी की जा रही है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार धीमी ही है। इस बीच हाल ही में मृणाल ने पिछले साल आई अपनी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ को लेकर बात की। एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि फिल्म से उनके सीन काट दिए गए, जिससे उन्हें काफी निराशा हुई। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें पता भी नहीं था कि फिल्म में उनके पति का किरदार एक बहुत वरिष्ठ अभिनेता निभा रहे हैं। प्रेमा से बात करते हुए मृणाल ठाकुर ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि मुझे पता नहीं था कि एक बहुत वरिष्ठ अभिनेता मेरे पति का किरदार निभाएंगे। क्योंकि इससे मेरा पूरा नजरिया बदल गया। फिल्म से मेरी ऐसी उम्मीदें नहीं थीं। इसलिए मैं इसमें असफल रही। क्योंकि मेरा थोड़ा सा भरोसा डगमगा गया था। लेकिन आपको पता है, मुझे कोई पछतावा नहीं है। जाहिर है कि ‘सन ऑफ सरदार 2’ में मृणाल ठाकुर ने राबिया अख्तर का किरदार निभाया था। उनके पति का किरदार फिल्म में चंकी पांडे ने अदा किया था।
मृणाल ठाकुर ने फिल्म में अपने सीन काटे जाने को लेकर भी निराशा जताई। उन्होंने बताया कि फिल्म में उनकी सौतेली बेटी सबा का किरदार निभाने वाली रोशनी वालिया के साथ उनके कुछ अहम सीन काट दिए गए थे। फिल्म की टीम को परिवार जैसा बताते हुए उन्होंने कहा कि मुझे पता ही नहीं था कि मेरे दो अहम सीन काट दिए जाएंगे। जैसे मेरे और रोशनी के बीच एक खूबसूरत सीन है।
वो मेरी बहन की बेटी है और फिल्म में मेरी बहन की मौत हो जाती है, ये सिर्फ कहानी का हिस्सा है। मैं उसकी भलाई के लिए अपनी निजी जिंदगी कुर्बान कर देती हूं। वो कहती है, अच्छा है कि मेरी मां न हो, तुम हो। मैं दुआ करती हूं कि हर लड़की को तुम्हारे जैसी मां मिले, भले ही तुमने मुझे जन्म न दिया हो। लेकिन जिस तरह से तुमने मेरी देखभाल की है। वो सीन फिल्म में नहीं था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन के साथ ‘सन ऑफ सरदार 2’ करने के बाद मृणाल इस साल ‘दो दीवाने सहर’ में और ‘डकैत’ में नजर आई हैं। वहीं उनकी आगामी फिल्मों में वरुण धवन के साथ ‘है जवानी तो इश्क होना है’ शामिल है। इसमें उनके साथ पूजा हेगड़े भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी।
हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया गया है। डेविड धवन द्वारा निर्देशित यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा मृणाल ठाकुर के अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण स्टारर ‘राका’ में भी नजर आने की खबरें हैं।
