मैनपुरी में करंट से मां और मासूम बेटी की मौत,बच्ची को गोद में लेकर टुल्लू पंप का तार लगाते समय लगा करंट, 6 महीने पहले एडॉप्ट की थी बच्ची

मैनपुरी में नल में लगे टुल्लू पम्प को चालू करने के लिए तार लगाते समय महिला और उसकी गोद में बैठी डेढ़ साल की बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। जबतक परिजन दौड़े तबतक दोनों की मौत हो गई। मामला बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज का है। बताया जाता है कि बच्चे ना होने पर महिला ने इस बच्ची को 6 महीने पहले ही गोद लिया था।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनिल वर्मा उर्फ पिन्नू अपने परिवार का जीवन यापन करने के लिए अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी पत्नी प्रियंका (32) व डेढ़ वर्षीय पुत्री पलक के साथ नवीगंज गांव में रहती है।

रविवार की सुबह करीब 10 बजे प्रियंका बेटी पलक को गोदी में उठाकर पानी भरने के लिए घर में लगे टुल्लू पम्प को चालू करने के लिए तार स्विच बोर्ड में लगा रही थी। इस दौरान एक तार उसके हाथ में छू गया, जबकि दूसरा स्विच बोर्ड में लग चुका था। जिससे प्रियंका और गोद में ली बच्ची दोनों को करंट लग गया।

पड़ोस की बच्ची ने दोनों को तार से चिपके देखा

करंट लगने के दौरान अन्य कोई घर में मौजूद नहीं था। घर का दरवाजा खुला देख पास से निकल रही पड़ोस की 7 साल की बच्ची ने झांककर देखा तो मां बेटी जमीन पर पड़े थे। एक तार महिला के हाथ में चिपका हुआ था। बच्ची ने शोर मचाकर आस पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी। जब तक पड़ोसी उसके घर पहुंचे तब तक मां बेटी दोनों की करंट मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोई संतान नहीं हुई तो गोद ली थी बच्ची

पड़ोसियों ने बताया कि अनिल और प्रियंका की शादी के 6 साल हो चुके हैं। लेकिन दोनों को कोई संतान नहीं हो रही थी। इसलिए उसने अपने सगे भाई अरविंद से उसकी डेढ़ साल की बच्ची को गोद ले लिया था। 6 महीने पहले दोनों ने बच्ची को गोद लिया था। तब से मां बेटी साथ में रह रहे थे। प्रियंका बहुूत दुलार से उसे रखती थी। एक मिनट के लिए भी वो उसे अकेला नहीं छोड़ती थी। इसी कारण पानी भरते समय भी उसने पलक को गोद ले रखा था। लेकिन उसी दौरान करंट लगने से मां बेटी दोनों की मौत हो गई। मां बेटी की एक साथ मौत से गांव में मातम फैल गया है।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला के पति को सूचना दे दी गई है। वो अपने घर के लिए हैदराबाद से चल चुका है। उसके आने के बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।