मिर्जापुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 सितम्बर 2025 उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को पैराडाइज इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिर्जापुर थाने की थानाध्यक्ष श्रीमती सोनी शुक्ला, साइबर क्राइम सेल से उप-निरीक्षक अंजली सिंह एवं थाने के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सत्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षा, अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
थानाध्यक्ष श्रीमती सोनी शुक्ला ने अपने संबोधन में मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षा हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 1090, 112की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत सहायता माँगना चाहिए और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
वहीं साइबर क्राइम सेल से उप-निरीक्षक अंजली सिंह ने साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया दुरुपयोग और डेटा चोरी जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए। बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सीख दी। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।
