मुंबई में हुई बीसीसीआई और आईपीएल टीमों के कप्तानों की हुई बैठक

आईपीएल के अधिकतर कप्तानों ने बुधवार को इंपैक्ट प्लेयर नियम पर अपनी आपत्ति दर्ज की जिसको लेकर 2023 में इसके लागू होने के बाद से ही लोगों की अलग-अलग राय है। बीसीसीआई ने 2024 में इंपैक्ट प्लेयर नियम को 2027 तक बढ़ा दिया था। इसके बावजूद इस रणनीतिक नियम पर प्रशंसकों और खिलाड़ियों के बीच समान रूप से बहस जारी है। मुंबई में हुई सभी 10 आईपीएल टीमों के कप्तानों की बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गई।

आईपीएल के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘अधिकांश कप्तानों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर अपने विचार रखे और अपनी आपत्तियां व्यक्त कीं, हालांकि बीसीसीआई ने इस नियम को 2027 तक बढ़ा दिया है। उन्हें बताया गया कि इसकी समीक्षा केवल आईपीएल 2027 के बाद ही की जा सकती है, उससे पहले नहीं।’

बीसीसीआई ने पिछले सत्र में ओस से निपटने के लिए दूसरी पारी के 10वें ओवर के बाद टीमों को एक गेंद बदलने की अनुमति दी थी। बुधवार को एक कप्तान ने प्रस्ताव रखा कि टीमों को पहली पारी के 10वें ओवर के बाद गेंद बदलने की अनुमति दी जानी चाहिए। सूत्र ने बताया, ‘पहली पारी के 10 ओवरों के बाद गेंद बदलने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन इसे ज्यादा समर्थन नहीं मिला। दूसरी पारी में आमतौर पर ओस ज्यादा पड़ती है, इसलिए मौजूदा नियम लागू रहेगा।’