मैनपुरी, तिरंगे के रंग में रंगे बाजार, खरीदने को उत्साहित दिखे बच्चे, युवा और बुजुर्ग

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले बाजार तिरंगे के रंग में रंग गए। बाजार में दुकानदारों ने अपनी दुकानों तथा मकानों पर तिरंगे झंडे लगाए। खुद तिरंगा लगाकर दूसरों को भी तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। एक दूसरे की देखादेखी बाजार में चारों ओर तिरंगे लग गए।

आजादी के अमृत महोत्सव में तिरंगा सभी के सिर चढ़कर बोल रहा है। बच्चों और युवाओं को तिरंगा बहुत भा रहा है। बाजार में चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा है। दुकानदारों पर इस बार तिरंगा का असर ज्यादा ही हुआ है। सोमवार को बाजार में दुकानों पर दुकानदारों ने सुबह से ही तिरंगे लगाए।

दुकानों के पास बने मकानों पर भी तिरंगे लगाए गए। दुकानदारों ने खुद तिरंगा लगाकर दूसरे दुकानदारों को भी तिरंगा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। कुछ युवाओं ने बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों को तिरंगे बांटे। दोपहर बाद तक बाजार पूरी तरह तिरंगामय हो गए। हर बाजार में दुकानों पर छोटे बड़े तिरंगा लगाए गए।

बाजार में जमकर बिके तिरंगे

बाजार में दुकानों पर जमकर तिरंगा खरीदे गए। 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक कीमत के तिरंगा खरीदकर दुकानदारों ने दुकानों पर लगाए। बाजार में तिरंगा झंडा, तिरंगा गमछा, तिरंगी टोपी, तिरंगे रंग की शर्ट की जमकर बिक्री हुई। तिरंगे रंग की शर्ट खरीदने के लिए दुकानों पर बड़ी संख्या में युवक और युवतियां पहुंचे।

खादी भंडार पर रही भीड़खादी का तिरंगा खरीदने के लिए शहर के दोनों खादी भंडार पर लोगों की भीड़ रही। सदर बाजार और घंटाघर चौराहा स्थित खादी भंडार पर 500 रुपये से लेकर 3000 रूपये कीमत तक के तिरंगा बेचे गए।