लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अर्पित सिंह नामक एक्सरे टेक्नीशियन पिछले कई वर्षों से छह अलग-अलग जिलों में नौकरी कर रहा है।
बेरोजगार युवाओं को एक नौकरी के लिए संघर्ष करना पड़ता है, वहीं वर्ष 2016 से अर्पित सिंह के नाम पर जारी छह अलग-अलग नियुक्ति पत्रों पर अलग-अलग लोग कार्यरत हैं। और हैरानी की बात यह है कि मानव संपदा पोर्टल पर भी इन सभी के नाम दर्ज हैं, जिससे हर महीने वेतन का भुगतान भी हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार सभी नियुक्तियों में पिता का नाम और जन्मतिथि एक ही दर्ज है, जिससे साफ है कि यह एक संगठित खेल है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों को अब तक इसकी जानकारी नहीं हुई या फिर जानबूझकर इस पूरे प्रकरण पर आंखें मूंद ली गई हैं।बेरोजगार युवा इस घोटाले को लेकर खासे आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि जब योग्य उम्मीदवारों को नौकरी नहीं मिल पा रही है, तो एक ही नाम पर कई जिलों में नौकरी देना भ्रष्टाचार और लापरवाही की पराकाष्ठा है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
