लोक सभा इलेक्शन : एटा-कासगंज सीट से भाजपा ने राजवीर के नाम पर लगाई मुहर, जनता की कसौटी पर फिर उतरूंगा खरा

उत्तर प्रदेश की एटा-कासगंज सीट से भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर राजवीर सिंह पर दांव खेला है। शनिवार की शाम पार्टी हाईकमान से टिकट का एलान होने के बाद तमाम कयासों पर विराम लग गया। सीट घोषित होने के बाद समर्थकों ने भाजपा जिला कार्यालय पर मिष्ठान का वितरण किया और खुशी मनाई।

मौके पर नेताओं और समर्थकों ने कहा कि इस बार और ताकत के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। सांसद राजवीर सिंह को लोगों ने बधाइयां दीं। टिकट घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर भी सांसद राजवीर सिंह को दी जा रहीं बधाइयों के संदेश तैरते नजर आए।

जनता की कसौटी पर उतरेंगे खरा

प्रत्याशी बनाए जाने पर सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने फिर से उन पर भरोसा किया है। वह इस भरोसे को कायम करेंगे। एटा-कासगंज की जनता की कसौटी पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि विकास के लिए जो रिकॉर्ड कार्य किए गए हैं, इन रिकॉर्ड कार्यों को जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।