लखीमपुर खीरी के सेठ घाट पर देव दीपावली आयोजन समिति एवं सहयोगी संस्थाओं के साथ सदर विधायक योगेश वर्मा द्वारा मंगलवार को भव्य देव दीपावली महोत्सव आयोजित किया गया। देव दीपावली के अवसर पर ऐतिहासिक सेठ घाट पर सवा लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस महोत्सव के पावन अवसर पर घाट के दोनों किनारों पर दीप जलाए गए और घाट को रंगोलियों से सजाया गया।
सदर विधायक योगेश वर्मा की मौजूदगी में श्रद्धालुओं ने एक साथ दीप जलाए और जमकर आतिशबाजी हुई। दीपों के प्रज्ज्वलन के साथ आस्था और प्रकाश का भव्य संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों और श्रद्धालुओं ने अपने घरों से दीपक लाकर दीपदान किया और इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया।
आयोजन के लिए घाट और नदी की विशेष साफ-सफाई व सजावट की गई थी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।