जनपद खीरी के गोला गोकर्णनाथ में सुबह से लगातार हो रही झमाझम बारिश के बीच शुक्रवार को गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। शहर के विभिन्न इलाकों से गणपति प्रतिमाएं गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के साथ अलीगंज नगर के विसर्जन स्थल पहुंचीं। रास्ते भर श्रद्धालु नाचते-गाते और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते नजर आए। प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवाओं में मटकी फोड़ने का खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने पुष्पवर्षा कर बप्पा को उमंग और उत्साह के साथ विदाई दी।
विसर्जन जुलूस में युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की धुन पर युवा नाचते हुए गणपति प्रतिमाओं को लेकर अलीगंज नहर पहुंचे। लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। इसके बाद भी अलग-अलग मोहल्लों और क्षेत्रों से प्रतिमाओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। देर रात तक विसर्जन चलता रहा।
प्रशासन की निगरानी में प्रतिमाओं को निर्धारित स्थान पर ही विसर्जित कराया गया। घाट क्षेत्र में देर शाम तक गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु नम आंखों के साथ अपने आराध्य को विदाई देते नजर आए।