
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। परमवीर चक्र से सम्मानित भारत माता के वीर सपूत शहीद अब्दुल हमीद की जयंती मंगलवार को गोला गोकर्णनाथ स्थित वीर अब्दुल हमीद मार्केट में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए और वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस व बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कैप्टन अकरम खान ने की। इस अवसर पर मार्गदर्शक श्री कृष्ण गोपाल त्रिवेदी, संरक्षक सूबेदार मेजर राजेश्वर सिंह, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मिश्रा, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद वर्मा, कोषाध्यक्ष जगदेव सिंह, संगठन मंत्री अजय अवस्थी, मंत्री राकेश कुमार सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं नागरिक मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में वीर अब्दुल हमीद ने असाधारण वीरता का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा है। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के नारों के साथ संपन्न हुआ
