Thursday, 12 November 2026 | 7:06 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : रिलायंस स्मार्ट बाजार में बिलिंग में गड़बड़ी का आरोप, भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी

उपभोक्ता ने आरोप लगाया है कि स्मार्ट बाजार के बिल में एक क्रीम के बजाय दो क्रीम के डिब्बों की कीमत यानी 538 रुपए जोड़ दी गई।
Share:
लखीमपुर खीरी : रिलायंस स्मार्ट बाजार में बिलिंग में गड़बड़ी का आरोप, भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
उपभोक्ता की तस्वीर
गोला गोकर्णनाथ: लखीमपुर रोड स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार में ग्राहकों से बिलिंग के नाम पर कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। गोला निवासी मिशाक मंसूरी ने बताया वह अपने भाई शानू मंसूरी के साथ स्मार्ट बाजार में दैनिक उपयोगी सामान की कुछ खरीदारी करने पहुंचे थे, जिसमें पॉन्ड्स कंपनी की 269 रुपए की कीमत वाली एक क्रीम का डिब्बा भी शामिल था। उन्होंने आरोप लगाया है कि स्मार्ट बाजार के बिल में एक क्रीम के बजाय दो क्रीम के डिब्बों की कीमत यानी 538 रुपए जोड़ दी गई। उपभोक्ता ने बिल का भुगतान भी कर दिया। घर पहुंचने पर जब उपभोक्ता ने बिल की जांच की तो पता चला कि क्रीम का एक ही डिब्बा खरीदा गया था, जबकि बिल में दो डिब्बों की कीमत वसूली गई थी। तत्पश्चात मिशाक मंसूरी तत्काल स्मार्ट बाजार पहुंचे और स्टाफ को बिल दिखाकर शिकायत की। उपभोक्ता ने बताया कि स्टाफ ने उन्हें दो दिन बाद यानी तीसरे दिन आने को कहा। 

उपभोक्ता ने इस प्रकरण की सूचना भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता को दी। सूचना मिलने पर अनूप गुप्ता स्मार्ट बाजार पहुंचे और मैनेजर से मामले को लेकर बातचीत की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपभोक्ता ने क्रीम का एक ही डिब्बा लिया और एक ही डिब्बा स्कैन किया गया तो बिल में दो डिब्बों की कीमत कैसे जुड़ गई। जिलाध्यक्ष ने बताया इस प्रकरण को लेकर स्मार्ट बाजार के मैनेजर ने तत्काल सीसीटीवी रिकॉर्डिंग चेक कराई। जांच में बिलिंग की गड़बड़ी सामने आने पर मैनेजर ने इसे स्टाफ की गलती बताया।

जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट बाजार में ग्राहकों के साथ पूर्व में भी शिकायतें मिल चुकी है।  उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर एक पैकेट स्कैन होने पर सिस्टम में दो डिब्बों की कीमत कैसे जुड़ गई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं उपभोक्ता मिशाक मंसूरी का कहना है कि वह इस पूरे मामले की शिकायत उपभोक्ता आयोग में दर्ज कराएंगे।