कासगंज: ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं में कासगंज का उत्कृष्ट प्रदर्शन


कासगंज, 01 जुलाई 2026।
जनपद कासगंज ने एक बार फिर ई-गवर्नेंस एवं नागरिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन प्रमाणपत्र आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जून 2026 में जनपद कासगंज ने 95.74 प्रतिशत निस्तारण दर के साथ उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सर्वाधिक निस्तारण प्रतिशत वाला जिला रहा है।
ई-डिस्ट्रिक्ट उत्तर प्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से नागरिक आय, जाति, निवास, तथा अन्य विभिन्न प्रमाणपत्रों एवं सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस व्यवस्था से नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है तथा सेवाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित हुई है।
जिलाधिकारी श्री प्रणय सिंह के कुशल नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में जनपद कासगंज में ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के प्रभावी संचालन हेतु नियमित समीक्षा, सुदृढ़ मॉनिटरिंग तथा विभागीय समन्वय को प्राथमिकता दी गई। जून माह के दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विशेष प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप जनपद को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री अंसुल माहेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जून 2026 के दौरान जनपद कासगंज में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर कुल 12,479 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 11,948 आवेदनों का निस्तारण किया गया, जिनमें 10,827 आवेदन स्वीकृत किए गए। इस प्रकार जिले की कुल निस्तारण दर 95.74 प्रतिशत रही, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।
जिलाधिकारी श्री प्रणय सिंह ने इस उपलब्धि पर सभी संबंधित विभागों, तहसील स्तरीय अधिकारियों, ई-डिस्ट्रिक्ट टीम तथा कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क, सतत निगरानी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे समय एवं संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ शासन और जनता के सेवा वितरण प्रणाली और अधिक सरल, पारदर्शी तथा प्रभावी बन रही है। जनपद कासगंज की यह उपलब्धि डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में जिले की बढ़ती दक्षता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Leave a Comment